उप्र: मिर्जापुर में जहर खाने से महिला और दो बच्चों की मौत
उप्र: मिर्जापुर में जहर खाने से महिला और दो बच्चों की मौत
मिर्जापुर, 14 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में एक महिला ने अपने तीन बच्चों को कथित तौर पर जहर देने के बाद खुद भी जहर खा लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार देर रात मड़िहान थाना क्षेत्र के परसोना गांव में हुई।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) फहीम ने बताया कि कुसुम धरिकार (38) ने अपनी दो बेटियों मधु (12) और राधिका (10) तथा बेटे सत्य (आठ) को कथित तौर पर जहर देने के बाद खुद भी जहर खा लिया।
उन्होंने बताया कि चारों को पहले मड़िहान के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि जिला अस्पताल में उपचार के दौरान कुसुम और राधिका की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मधु और सत्य को बेहतर उपचार के लिए बाद में वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान सत्य की भी मौत हो गई, जबकि मधु का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि कुसुम को शक था कि दिल्ली में काम कर रहे उसके पति धर्मेंद्र धरिकार ने दूसरी शादी कर ली है और उसकी उपेक्षा कर रहा है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को संतनगर थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था, जिसके तहत धर्मेंद्र को 13 जुलाई को कुसुम को अपने साथ घर ले जाना था। पुलिस ने बताया कि धर्मेंद्र उसे साथ नहीं ले गया, जिसके बाद कुसुम परसोना स्थित अपने मायके लौट आई, जहां यह घटना हुई।
महिला के परिवार ने उसके पति और देवर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया, “शिकायत के आधार पर जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
भाषा जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


