जलियांवाला बाग कांड की बरसी पर आदित्यनाथ ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि
जलियांवाला बाग कांड की बरसी पर आदित्यनाथ ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि
लखनऊ, 13 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जलियांवाला बाग कांड की बरसी पर उस घटना में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘जलियांवाला बाग के अमर बलिदानियों को कोटि-कोटि नमन।’
उन्होंने कहा, ‘जलियांवाला बाग वह पावन तीर्थ है, जहां असंख्य राष्ट्रभक्तों ने ब्रिटिश हुकूमत की क्रूरता के सामने अदम्य साहस और अद्वितीय त्याग का परिचय देते हुए मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘इन अमर क्रांतिवीरों का बलिदान हम सभी को सदैव राष्ट्रसेवा के पथ पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता रहेगा।’
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जलियांवाला बाग कांड के बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ‘मां भारती की स्वाधीनता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले जलियांवाला बाग नरसंहार के समस्त अमर बलिदानियों को विनम्र श्रद्धांजलि!’
उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग कांड के शहीदों का त्याग और बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अमिट है, जो सदैव राष्ट्रप्रेम, एकता और स्वतंत्रता के मूल्यों की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी जलियांवाला बाग कांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ‘जलियांवाला बाग हत्याकांड स्मृति दिवस पर मां भारती की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को शत शत नमन।’
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर अपने श्रद्धांजलि संदेश में कहा, ‘जलियांवाला बाग: शहादत की अमर गाथा 13 अप्रैल 1919 भारतीय इतिहास का वो काला दिन जिसने आजादी की ज्वाला को और भी दहका दिया। जलियांवाला बाग के उन अमर शहीदों को कोटि-कोटि नमन, जिन्होंने मातृभूमि के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनकी शहादत हमारे दिलों में सदैव जीवित रहेगी।’
भाषा सलीम मनीषा अमित
अमित

Facebook


