अहिल्याबाई होल्कर के सिद्धांत और जनकल्याणकारी शासन आज भी प्रेरणास्रोत हैं : ओम बिरला
अहिल्याबाई होल्कर के सिद्धांत और जनकल्याणकारी शासन आज भी प्रेरणास्रोत हैं : ओम बिरला
आगरा, 30 जून (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को यहां अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण किया और कहा कि उनके सिद्धांत, त्याग तथा करुणा पर आधारित शासन शैली 300 वर्ष बाद भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।
बिरला ने अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर एत्मादपुर क्षेत्र में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया।
इस अवसर पर महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति राम शिंदे भी उपस्थित थे।
अहिल्याबाई होल्कर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बिरला ने कहा कि उनका जीवन और आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने सदियों पहले थे।
उन्होंने कहा, ‘‘उनका त्याग, उनके सिद्धांत और करुणा पर आधारित उनकी शासन शैली 300 वर्ष बाद भी लोगों को प्रेरित कर रही है। भगवान शिव की तरह उन्होंने समाज के दुखों को आत्मसात किया और अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया।’’
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने देश के विभिन्न हिस्सों में मंदिरों के पुनर्निर्माण का कार्य कराया और वह किसी एक समाज की नहीं, बल्कि पूरे देश की धरोहर थीं।
उन्होंने कहा, ‘‘आज भी लोक प्रशासन से जुड़े लोग उनकी शासन प्रणाली से मार्गदर्शन प्राप्त करते हैं। लोगों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।’’
कार्यक्रम के आयोजक और केंद्रीय मंत्री एस. पी. सिंह बघेल ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोकसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।
बघेल ने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गईं। इसके तहत आयोजन से पहले 145 गांवों का दौरा भी किया गया।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत

Facebook


