अजय राय का कथित वीडियो हुआ प्रसारित, प्रधानमंत्री पर अपशब्द का आरोप, राय ने बताया फर्जी
अजय राय का कथित वीडियो हुआ प्रसारित, प्रधानमंत्री पर अपशब्द का आरोप, राय ने बताया फर्जी
लखनऊ, 22 मई (भाषा) कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय का एक कथित वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ जिसमें उन्हें महोबा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपशब्द कहते सुना जा सकता है।
अजय राय ने इस वीडियो को फर्जी और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कृत्रिम रूप से निर्मित बताया। उन्होंने कहा कि लखनऊ पहुंचते ही वह पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे। राय ने बताया कि वह महोबा में एक दुष्कर्म पीड़िता से मिलने गए थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राय की कथित टिप्पणी की निंदा करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के विषय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है। पूर्व में कांग्रेस के ‘युवराज’ भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं।”
योगी ने लिखा, “कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है। अब देशवासियों से क्षमा मांगने लायक भी स्थिति उनकी नहीं रही है।’
भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा, ‘कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए। कांग्रेस द्वारा इस्तेमाल की जा रही भाषा निंदनीय है।”
भाषा आनन्द राजकुमार
राजकुमार

Facebook


