युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली सरकार को आखिरकार घुटने टेकने ही पड़े: अखिलेश यादव
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली सरकार को आखिरकार घुटने टेकने ही पड़े: अखिलेश यादव
आजमगढ़ (उप्र) 25 जुलाई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे को देश की युवा पीढ़ी की जीत बताते हुए कहा कि सरकार को आखिरकार घुटने टेकने ही पड़े।
आजमगढ़ शहर के कुर्मी टोला में दिवंगत सपा विधायक आलम बदी आजमी के शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचे सपा प्रमुख यादव ने पत्रकारों से बातचीत में सरकार की पूरी परीक्षा प्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया।
यादव ने कहा ‘‘देश के युवाओं के संघर्ष और अभूतपूर्व एकजुटता के कारण ही केंद्र सरकार को अपना रुख बदलने पर मजबूर होना पड़ा है।’’
उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘‘यदि सरकार को आखिरकार अपना फैसला बदलना ही था, तो उन्होंने पहले छात्रों से बात क्यों नहीं की? अगर समय रहते संवाद स्थापित कर लिया जाता, तो देश में अनावश्यक तनाव और आंदोलन की स्थिति पैदा ही नहीं होती।’’
सपा प्रमुख ने प्रश्नपत्र लीक मामलों को देश के युवाओं के साथ सबसे बड़ा धोखा करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र लीक जैसी गंभीर घटनाओं ने देश के लाखों होनहार युवाओं के सुनहरे भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है।
यादव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, ‘‘केवल एक मंत्री का इस्तीफा ले लेने या एक निर्णय बदल देने से इस महा-संकट का समाधान नहीं होने वाला। इसके लिए सरकार को पूरी भर्ती और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, जवाबदेह और भरोसेमंद बनाना होगा, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र के भविष्य के साथ ऐसा खिलवाड़ दोबारा न हो सके।’’
यादव ने दिल्ली में हक की आवाज उठा रहे छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा,‘‘लोकतंत्र में अपनी जायज मांग रखना हर नागरिक का अधिकार है। ऐसी संवेदनशील समस्याओं का समाधान लाठी के दम पर नहीं, बल्कि संवाद और संवेदनशीलता से होना चाहिए।’’
उन्होंने कहा,‘‘यदि युवाओं के अधिकारों, उनके रोजगार और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग उठाना सत्ता पक्ष की नजर में राजनीति है, तो समाजवादी पार्टी यह राजनीति बार-बार करेगी। हम युवाओं के हितों के लिए अंतिम सांस तक आवाज उठाते रहेंगे।’’
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या की श्री राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर एक सवाल के जवाब में कहा कि दान पत्र में चोरी महा पाप है।
इस मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी के बाद अब उच्चतम न्यायालय द्वारा एक अलग विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किए जाने के निर्देश देने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा,‘‘मेरा मानना है कि छोटी एसआईटी लखनऊ में बनी तो उसने छोटा खुलासा किया और अब जब बड़ी एसआईटी बनेगी तो वह बड़ा खुलासा करेगी।’’
इससे पहले, आजमगढ़ पहुंचते ही अखिलेश यादव सीधे निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक आलम बदी आजमी के कुर्मी टोला स्थित आवास पर गए। वहां उन्होंने दिवंगत नेता के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। गत दिनों निजामाबाद से पांच बार के विधायक आलम बदी का निधन हो गया।
परिवार को ढांढस बंधाते हुए सपा सुप्रीमो बेहद भावुक दिखे और कहा,‘‘समाजवादी पार्टी सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार है। पार्टी अपने समर्पित नेताओं और कर्मठ कार्यकर्ताओं के परिवारों के साथ हर सुख-दुख में चट्टान की तरह खड़ी रहती है और आगे भी इस परिवार को पूरा सहयोग और संबल देती रहेगी।’’
भाषा सं आनन्द
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


