अखिलेश ने साधा जयंत पर निशाना, रालोद ने किया पलटवार
अखिलेश ने साधा जयंत पर निशाना, रालोद ने किया पलटवार
लखनऊ, 17 अगस्त (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) प्रमुख जयंत चौधरी और रालोद पर निशाना साधते हुए किसान नेता चौधरी चरण सिंह की विरासत और और कृषक समुदाय का हवाला दिया है।
यादव ने हाल ही में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था, ‘जाने कहां-कहां से आ गए लोग गठबंधन बनाने। हमने चवन्नी का रुपया बना दिया था, तब भी हमें छोड़ कर चले गए वो।’
उन्होंने कहा कि कई लोगों ने सपा छोड़ दी है लेकिन उनकी पार्टी ने ‘जनता के साथ गठबंधन करने, सामाजिक न्याय स्थापित करने, लोगों पर भरोसा करने, उन्हें सम्मान देने और जनता हमारा समर्थन करेगी’ का संकल्प लिया है।
यह टिप्पणी परोक्ष तौर पर 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अभियान के दौरान चौधरी की ‘चवन्नी’ टिप्पणी के संदर्भ में थी, जब उन्होंने सपा सहयोगी रहते हुए भाजपा के प्रस्तावों को खारिज कर दिया था, उन्होंने कहा था कि वह ‘चवन्नी’ नहीं हैं जिसे आसानी से ‘पलटा’ जा सके।
चौधरी बाद में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हो गए थे और वर्तमान में केंद्रीय मंत्री हैं।
उत्तर प्रदेश के मंत्री एवं रालोद नेता अनिल कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यादव का बयान ‘अत्यधिक आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण’ है और आरोप लगाया कि यह न केवल चौधरी का अपमान है, बल्कि चौधरी चरण सिंह और पूरे कृषक समुदाय की विचारधारा का भी अपमान है।
कुमार ने कहा, “समाजवादी पार्टी के नेताओं को यह नहीं भूलना चाहिए कि आज समाजवादी पार्टी के राजनीतिक अस्तित्व में चौधरी चरण सिंह परिवार के योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता है।”
उन्होंने कहा कि कृषक समुदाय 2027 के विधानसभा चुनावों में कथित अपमान का “लोकतांत्रिक जवाब” देगा। मंत्री ने कहा कि रालोद अपने नेताओं या कृषक समुदाय के सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगा।
भाषा किशोर जफर अमित
अमित

Facebook


