पूरे उप्र में भारी बारिश जारी रहेगी, पूर्वी उप्र में तेज बारिश की संभावना
पूरे उप्र में भारी बारिश जारी रहेगी, पूर्वी उप्र में तेज बारिश की संभावना
लखनऊ, 17 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश में सोमवार को व्यापक बारिश हुई, कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई, जबकि लखनऊ में दिन भर लगातार बारिश होती रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सप्ताह के दौरान राज्य भर में सक्रिय मानसून की स्थिति जारी रहने का अनुमान जताया है, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश अधिक प्रभावित क्षेत्र रहने की संभावना है। लखनऊ में आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि सोमवार सुबह 8.30 बजे समाप्त 24 घंटों में, कुछ स्थानों पर 115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें सोनभद्र के चुर्क में 147.2 मिलीमीटर, बरेली के बहेरी में 141 मिलीमीटर और प्रयागराज के कोरांव में 126 मिलीमीटर बारिश हुई। विभाग ने बताया कि कई अन्य स्थानों पर भी भारी बारिश दर्ज की गई, जिनमें रॉबर्ट्सगंज (95 मिमी), रायबरेली (88.4 मिमी), लखीमपुर खीरी के मोहम्मदाबाद (84 मिमी), प्रयागराज के मेजा (75 मिमी), अयोध्या (75 मिमी), प्रयागराज (73.4 मिमी) और उन्नाव के हसनगंज (72 मिमी) शामिल हैं। मौसम कार्यालय ने कहा कि राज्य की संचयी मौसमी वर्षा 17 अगस्त तक सामान्य 496.3 मिलीमीटर के मुकाबले 398.6 मिमी थी, जो 20 प्रतिशत की कमी थी। उसने कहा कि पश्चिम उप्र में यह कमी आठ प्रतिशत और पूर्वी उप्र में 27 प्रतिशत थी। विभाग के अनुसार सोमवार तक कई स्थानों पर बारिश जारी रही, जिसकी तीव्रता अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग रही। मंगलवार के लिए, आईएमडी ने राज्य भर में ‘कई स्थानों पर भारी वर्षा’ का पूर्वानुमान जताया है, जबकि कुछ स्थानों पर ‘बहुत भारी वर्षा’ होने की संभावना है, विशेष रूप से चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्ज़ापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, ग़ाज़ीपुर, बहराईच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बरेली, पीलीभीत और शाहजहाँपुर सहित जिलों में। इसने मंगलवार को ‘अलग-अलग स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश का भी अनुमान जताया है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी उप्र सप्ताह के अंत में अधिक सक्रिय क्षेत्र बना रहेगा। बुधवार को क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कई स्थानों पर ‘बहुत भारी बारिश’ होने की संभावना है। शनिवार और रविवार को भी भारी बारिश जारी रहने की संभावना है.
भाषा जफर अमितअमित

Facebook


