अखिलेश अब श्री राम मंदिर को लेकर अफवाह फैला कर झूठ गढ़ने का असफल प्रयास कर रहे : ब्रजेश पाठक

अखिलेश अब श्री राम मंदिर को लेकर अफवाह फैला कर झूठ गढ़ने का असफल प्रयास कर रहे : ब्रजेश पाठक

अखिलेश अब श्री राम मंदिर को लेकर अफवाह फैला कर झूठ गढ़ने का असफल प्रयास कर रहे : ब्रजेश पाठक
Modified Date: June 8, 2026 / 09:12 pm IST
Published Date: June 8, 2026 9:12 pm IST

लखनऊ, आठ जून (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य विपक्षी नेताओं द्वारा अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे में कथित तौर पर करोड़ो रुपये गबन का आरोप लगाये जाने के एक दिन बाद सोमवार को उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार और पार्टी संगठन ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह अब श्री राम मंदिर को लेकर अफवाह फैला कर झूठ गढ़ने का असफल प्रयास कर रहे हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्‍द्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की आंतरिक ऑडिट की ओर संकेत करते हुए कहा कि इसकी जांच चल रही है और किसी के भी दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच आम आदमी पार्टी (आप) के राज्‍यसभा सदस्‍य और पार्टी के उत्तर प्रदेश मामलों के प्रभारी संजय सिंह ने सत्तारूढ़ दल पर तंज कसते हुए कहा कि कोयला, गैस, बिजली, स्कूल-अस्पताल और मिड-डे मील का पैसा खाने वाली भाजपा अब भगवान के चढ़ावे को भी नहीं बख्श रही है।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को दावा किया था कि अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में आए करोड़ों रुपये गायब हो गये।

सोमवार को आप सांसद संजय सिंह ने ”एक्‍स” पर पोस्‍ट किया, ”प्रभु श्री राम के नाम पर चंदा चोरी और ज़मीन घोटालों के बाद अब दानपात्र के चढ़ावे में भी लगभग सात करोड़ की बड़ी चोरी का मामला सामने आया है।’’

सिंह ने कहा कि कोयला, गैस, बिजली, स्कूल-अस्पताल और मध्याह्न भोजन का पैसा खाने वाली भाजपा अब भगवान के चढ़ावे को भी नहीं बख्श रही है।

पंकज चौधरी ने सोमवार को अपने झांसी दौरे में पत्रकारों के इस मामले से जुड़े सवालों के जवाब में भाजपा संगठन को मंदिर ट्रस्ट से अलग किया लेकिन इतना जरूर कहा कि मंदिर ट्रस्ट इसकी जांच कर रहा है और किसी के भी दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सोमवार सुबह पीतांबरा पीठ दतिया सहित स्थानीय सिद्धेश्वर पीठ मंदिर में दर्शन के उपरांत पंकज चौधरी ने रानी झांसी को पुष्पांजलि अर्पित की और इस बीच इन दिनों चर्चित राम मंदिर ट्रस्ट की हेरा-फेरी संबंधी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरोप पर स्पष्ट टिप्पणी से बचते नजर आए।

उन्होंने कहा कि यह सरकार का नहीं, ट्रस्ट का विषय है, वैसे मामले की जांच (आंतरिक आडिट) की जा रही है, यदि कोई दोषी पाया जाएगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि मंदिर के नाम पर यदि चोरी पकड़ी जाएगी तो संबंधित को बख्शा नहीं जाएगा।

दोपहर बाद कार्यकर्ता परिचय सम्मेलन के दौरान उन्होने पुनः दोहराया कि सपा अध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोप पर मंदिर ट्रस्ट अपने स्तर पर जांच कर रहा है तथा मंदिर में चढ़ावा संबंधी सभी मुद्दों पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।

दरअसल, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने रविवार को ही एक बयान में कहा था,‘‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का समय-समय पर आंतरिक ऑडिट होता रहता है। इस प्रक्रिया में ट्रस्ट और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि शामिल होते हैं। ऑडिट की प्रक्रिया कई दिनों तक चलती है। इन दिनों भी यही काम हो रहा है। अभी तक कोई खास बात सामने नहीं आई है।’’

इस बीच सोमवार को ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधते हुए ”एक्‍स” पर लिखा, ‘‘सपा मुखिया अखिलेश यादव जी आपने कभी उच्चतम न्यायालय के निर्णय का सम्मान नहीं किया। आपकी सोच बाबरवादी है।’’

पाठक ने कहा, ”श्री राम मंदिर निर्माण से पूर्व भूमि पूजन पर भी आपके कोई शब्द नहीं निकले। जब अयोध्या धाम में भव्य वास्तुकला मूर्त रूप ले रही थी, तब भी आप शांत रहे। प्रभु श्रीराम का विग्रह स्थापित होने पर भी कोई स्वागत नहीं किया।”

उप मुख्‍यमंत्री ने यादव पर आरोप लगाया, ”अब श्री राम मंदिर को लेकर अफवाह फैला कर झूठ गढ़ने का असफल प्रयास कर रहे हैं।”

उन्‍होंने चेतावनी दी, ” भारत दुनिया में सनातन संस्कृति का वाहक राष्ट्र है। अखिलेश जी अपनी सोच को सनातन संस्कृति के विरुद्ध न करें। आने वाले दिनों में समाजवादी पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।”

पाठक ने यह भी कहा,” 2027 में समाजवादी पार्टी को पुनः मुंह की खानी पड़ेगी। आपके झूठ का नेरेटिव कभी सफलता तक नहीं पहुंचेगा। उत्तर प्रदेश के लोग सपा की कारगुजारियों को अच्छी तरह से समझ चुके हैं।”

इस बीच,बाराबंकी के कांग्रेस सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता तनुज पुनिया ने कहा, “राम मंदिर का निर्माण जल्दबाजी में किया गया और अब उसके परिणाम सामने आ रहे हैं। मंदिर के कुछ हिस्सों, जिनमें रैंप भी शामिल है, में खामियों की खबरें आई हैं। निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। यह केवल देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के हिंदुओं की आस्था का विषय है। यदि कोई कमी या चिंता है, तो सरकार को उसका बचाव करने के बजाय उसे दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।”

उन्होंने कहा कि देश-विदेश से श्रद्धालु अपनी आस्था के कारण मंदिर आते हैं, इसलिए निर्माण या रखरखाव को लेकर उठी चिंताओं की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।

इससे पहले समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया था कि राम मंदिर में चढ़ावे के करोड़ों रुपये गायब होने की खबरें सामने आई हैं और अदालत से इस मामले का संज्ञान लेने की मांग की थी।

भाषा सं आनन्‍द राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में