आंबेडकर जयंती : उप्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों में ‘युवा संवाद संगम’ का होगा आयोजन

Ads

आंबेडकर जयंती : उप्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 'युवा संवाद संगम' का होगा आयोजन

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 07:40 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 07:40 PM IST

लखनऊ, 12 अप्रैल (भाषा) भारत रत्न बाबा साहब डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में ‘युवा संवाद संगम’ का आयोजन किया जाएगा। एक आधिकारिक बयान में रविवार को यह जानकारी दी गई।

उप्र में विधानसभा के 403 क्षेत्र हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार, इस राज्यव्यापी अभियान की निगरानी राज्य स्तरीय कमांड सेंटर के माध्यम से की जाएगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में गुणवत्ता और प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए एक प्रोजेक्टर निगरानी इकाई के माध्यम से कार्यक्रमों की वास्तविक समय में निगरानी की जाएगी।

इस अवसर पर मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जन प्रतिनिधि जनता से संपर्क करेंगे और समानता, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों पर आधारित बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर के विचारों को साझा करेंगे।

योगी आदित्यनाथ सरकार का उद्देश्य नयी पीढ़ी को संविधान, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ना है। इसके अतिरिक्त, सामाजिक कल्याण विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी कार्यालयों, विद्यालयों, छात्रावासों और संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बाबा साहब की जयंती के अवसर पर विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें डॉ. आंबेडकर की प्रतिमाओं और चित्रों पर माल्यार्पण, सेमिनार, निबंध लेखन, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। उनके जीवन, शिक्षाओं और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर विस्तृत चर्चा भी होगी।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने ‘डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना’ को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक न्याय के महान व्यक्तित्वों के 10 स्मारकों और प्रतिमाओं का विकास तथा सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिस पर कुल 403 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि सभी कार्यक्रम आधिकारिक गरिमा, मर्यादा और अनुशासन के साथ आयोजित किए जाएं।

भाषा

आनन्द रवि कांत