जौनपुर में छात्र को कक्षा में बंद छोड़ने के मामले में सहायक अध्यापिका निलंबित
जौनपुर में छात्र को कक्षा में बंद छोड़ने के मामले में सहायक अध्यापिका निलंबित
जौनपुर, 19 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सिरकोनी विकास खंड स्थित प्राथमिक विद्यालय बनपुरवा, परियांव में कक्षा दो के एक छात्र को स्कूल के कमरे में बंद छोड़ने के मामले में जिम्मेदार सहायक अध्यापिका कृष्णा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), मुंगरा बादशाहपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें एक छात्र प्राथमिक विद्यालय के एक कमरे में बंद दिखाई दे रहा था और वह खिड़की से मदद की गुहार लगाता नजर आ रहा था। जांच में पता चला कि स्कूल के कर्मचारी बच्चे को कमरे में बंद रह जाने की जानकारी के बिना वहां से चले गए थे।
ग्रामीणों ने जब बच्चे को रोते हुए देखा तो उन्होंने तत्काल स्कूल के कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। करीब डेढ़ घंटे बाद स्कूल के कर्मचारियों ने पहुंचकर ताला खोला और बच्चे को बाहर निकाला। इस दौरान बच्चे के अभिभावक भी विद्यालय पहुंच गए थे।
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने सिरकोनी के खंड शिक्षा अधिकारी अमरेश सिंह से तत्काल रिपोर्ट मांगी।
बीईओ की जांच में प्रथम दृष्टया यह तथ्य सही पाया गया कि शुक्रवार को छात्र कक्षा के अंदर बंद रह गया था। इसके लिए सहायक अध्यापिका कृष्णा कुमारी को जिम्मेदार माना गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर ने बताया कि कृष्णा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें उच्च प्राथमिक विद्यालय परियांव (सिरकोनी) से संबद्ध किया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी, मुंगरा बादशाहपुर को सौंपी गई है। बीएसए ने जांच अधिकारी को निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, ताकि दोषी पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


