उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर, बांदा रहा सबसे गर्म शहर
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर, बांदा रहा सबसे गर्म शहर
लखनऊ, 16 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश में शनिवार को कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, बांदा 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि झांसी में 44.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। उरई में 43.4 डिग्री सेल्सियस और हमीरपुर में 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों में आगरा में 43 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी (बीएचयू) और गाजीपुर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। फुर्सतगंज में 41.7 डिग्री सेल्सियस, सुलतानपुर में 41.5 डिग्री सेल्सियस और चूर्क में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
वाराणसी हवाई अड्डे पर अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आजमगढ़ में पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर नगर और बलिया में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अलीगढ़ में 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। साथ ही दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 41 डिग्री सेल्सियस और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत

Facebook


