समाज को जातियों में बांटने वालों से सावधान रहें : योगी
समाज को जातियों में बांटने वालों से सावधान रहें : योगी
मेरठ, 21 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से पार्टी संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने का आग्रह किया। उन्होंने आम लोगों को समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर बांटने की कोशिशों के खिलाफ आगाह भी किया।
मेरठ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में पार्टी पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करते हुए योगी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा और जनता को आगाह किया कि समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने वाली ताकतें फिर से सक्रिय होंगी।
योगी ने कहा कि ऐसी ताकतों को रोकने के लिए शक्ति केंद्र संयोजक हर बूथ की समीक्षा करें, प्रभावी टीम बनाएं, पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी तय करें और एक-एक परिवार की जानकारी अपने पास रखें।
उन्होंने कहा कि एक-एक घर की जांच कर लोगों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी तय हो।
योगी ने समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस पर परिवारवाद और जातिवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन दलों ने सत्ता को अपने और परिवार के हित साधने का माध्यम बनाया।
योगी ने कहा कि भाजपा का मंत्र है कि व्यक्ति से बढ़कर दल और दल से बढ़कर राष्ट्र है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता यह न सोचे कि उसे क्या मिला, बल्कि यह सोचे कि वह देश के लिए क्या कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नकारात्मक ताकतें महापुरुषों को भी जातियों में बांटने का प्रयास करेंगी, लेकिन महापुरुष सबके होते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने मेरठ में कोतवाल धन सिंह गुर्जर का भव्य स्मारक बनाया है, जबकि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि से जुड़े स्थानों, मंदिरों और मूर्तियों के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि दी जा रही है।
योगी ने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने बाबा साहेब के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज का नाम बदल दिया था और सीर गोवर्धन में संत रविदास की जन्मभूमि पर आयोजन नहीं होने दिया।
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और परंपरागत उद्यमों को पुनर्जीवित करने से 3.25 करोड़ नौजवान रोजगार से जुड़े हैं।
योगी ने कहा कि दंगाइयों की कमर तोड़ी गई, जिससे प्रदेश दंगा और कर्फ्यू से मुक्त हुआ तथा निवेश और रोजगार का रास्ता खुला।
मुख्यमंत्री ने भाजपा के शासन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मेजर ध्यानचंद के नाम पर मेरठ में पहला खेल विश्वविद्यालय बनवाया, एक्सप्रेसवे का निर्माण करवाया और दिल्ली-मेरठ के बीच ‘नमो भारत ट्रेन’ का संचालन शुरू किया।
योगी ने उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों पर कांवड़ यात्रा रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब कोई भी कांवड़ यात्रा और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को नहीं रोक सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता आने वाली पीढ़ियों से कह सकेंगे कि उनके समय में राम मंदिर बना, काशी विश्वनाथ धाम मिला, एक्सप्रेसवे बना और ‘नमो भारत’ चली।
उन्होंने कहा, “मुझे पहचान मिली है, मुझे मेरे राम मिले हैं, मुझे मेरे कृष्ण मिले हैं और मुझे भोले शंकर मिले हैं।”
भाषा
सलीम पारुल
पारुल

Facebook


