भाजपा नेताओं ने पुलिस आयुक्त से पार्टी विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया

Ads

भाजपा नेताओं ने पुलिस आयुक्त से पार्टी विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 08:17 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 08:17 PM IST

गाजियाबाद (उप्र), 11 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के भारतीय जनता पार्टी के तीन स्थानीय नेताओं ने पुलिस आयुक्त से सुरक्षा देने की मांग करते हुये गुहारा लगायी और अपनी ही पार्टी के विधायक नंद किशोर गुर्जर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की ।

भाजपा के तीनों नेताओं ने आरोप लगाया कि लोनी से पार्टी विधायक ने उन्हें गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और उनके वाहनों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।

भाजपा नेता अनिल कसाना, लोनी के पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. विनोद सिंह बंसल एवं ईश्वर मावी ने पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ को दी शिकायत में कहा कि घटना पांच सितंबर को लोनी के एक होटल में हुई।

शिकायत के अनुसार, क्षेत्र में तनाव और विवाद के बीच लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इसके लिये उन्होंने एक होटल में संवाददाता सम्मेलन बुलाया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद गुर्जर कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और उन्हें गालियां देने लगे।

कसाना ने आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई तथा विधायक के साथ आए लोगों ने उनके वाहनों के दरवाजे खोलने की कोशिश की। उन्होंने राइफल की बट से कुछ वाहनों के शीशे तोड़ने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया।

शिकायतकर्ताओं ने होटल का सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की। उन्होंने घटना से संबंधित कथित वीडियो वाली पेन ड्राइव भी पुलिस को सौंपी और कहा कि कुछ फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।

तीनों नेताओं का आरोप है कि पुलिस को जानकारी देने के बावजूद तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे इलाके में तनाव है। उन्होंने विधायक और उनके साथ आए अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच व कार्रवाई तथा खुद और अपने परिवारों की सुरक्षा की मांग की।

पुलिस आयुक्त गौड़ ने कहा कि शिकायत मिल गई है और मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।’

भाषा चंदन जफर

रंजन

रंजन