भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने उपमुख्यमंत्रियों से शिष्टाचार भेंट के साथ खत्म किया अपना लखनऊ दौरा

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने उपमुख्यमंत्रियों से शिष्टाचार भेंट के साथ खत्म किया अपना लखनऊ दौरा

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने उपमुख्यमंत्रियों से शिष्टाचार भेंट के साथ खत्म किया अपना लखनऊ दौरा
Modified Date: July 5, 2026 / 09:54 pm IST
Published Date: July 5, 2026 9:54 pm IST

लखनऊ, पांच जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को लखनऊ की अपनी दो दिवसीय यात्रा का समापन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से शिष्टाचार भेंट के साथ किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी उनके साथ मौजूद रहे।

भाजपा अध्यक्ष नवीन, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ और अन्य नेताओं ने ब्रजेश पाठक के आवास पर आम की विभिन्न किस्मों का स्वाद लिया।

नवीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लखनऊ प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक के आवास पर उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध आमों का स्वाद लेने का अवसर प्राप्त हुआ।’’

इसके बाद नवीन उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास पहुंचे, जहां पंचशील परंपरा के तहत उनका पारंपरिक अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया और उन्हें भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट की गई।

मौर्य ने बताया कि इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी मौजूद थे। चाय-नाश्ते के बाद नवीन हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गए।

अपनी दो दिवसीय लखनऊ यात्रा के दौरान नवीन ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कई संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया।

उन्होंने रविवार को भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों के नेताओं से भी मुलाकात की और विश्वास जताया कि गठबंधन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत के साथ दोबारा सत्ता में लौटेगा।

नवीन ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ अवध क्षेत्र के भाजपा शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन को भी संबोधित किया।

भाषा

सलीम रवि कांत


लेखक के बारे में