भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में रेल परियोजनाओं को प्रमुख मुद्दा बनाएगी
भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में रेल परियोजनाओं को प्रमुख मुद्दा बनाएगी
मेरठ (उप्र), 22 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो परियोजनाओं की रविवार को शुरुआत के बाद सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संकेत दिया कि वह 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में इन्हें चर्चा का एक मुख्य विषय बनाएगी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि आधुनिक कनेक्टिविटी और शहरी परिवहन से संबंधित ये परियोजनाएं विकास की राजनीति को मजबूती प्रदान करेंगी। हालांकि विपक्षी दलों ने सार्वजनिक पहुंच, किराए और बुनियादी प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा, ‘विकास का दीर्घकालिक प्रभाव होता है और मतदाता इसे महसूस करते हैं। नमो भारत ट्रेन और मेट्रो का संचालन एक बड़ी उपलब्धि है।’
वहीं मेरठ से भाजपा सांसद अरुण गोविल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि सरकार और पार्टी की यह जिम्मेदारी है कि जो भी विकास और प्रगति हो, उसे जनता तक पहुंचाएं।
सिने अभिनेता और प्रसिद्ध सीरियल रामायण में राम की भूमिका निभा चुके गोविल ने कहा ‘‘नमो भारत और मेरठ मेट्रो जैसी परियोजनाएं इस क्षेत्र के लिए मील के पत्थर हैं। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।’
इसी बीच, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री, विधायक शाहिद मंज़ूर ने कहा कि सरकार को सामान्य श्रेणी के यात्रियों और भीड़भाड़ वाली ट्रेनों में सफर करने वालों के लिए सुविधाओं में सुधार करना चाहिए।
मंज़ूर ने कहा, ‘विकास के लाभ तभी सार्थक होते हैं जब वे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी यशपाल सिंह ने किराया संरचना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, ‘यदि किराया अधिक होगा तो मध्यम वर्ग, छात्र और निम्न आय वर्ग के लोग नियमित रूप से ट्रेन का उपयोग करने से वंचित रह सकते हैं।’
भाषा सं आनन्द शोभना
शोभना

Facebook


