भाजपा उप्र प्रभारी विनोद तावड़े ने राधामोहन दास अग्रवाल से मुलाकात की

भाजपा उप्र प्रभारी विनोद तावड़े ने राधामोहन दास अग्रवाल से मुलाकात की

भाजपा उप्र प्रभारी विनोद तावड़े ने राधामोहन दास अग्रवाल से मुलाकात की
Modified Date: September 18, 2026 / 04:04 pm IST
Published Date: September 18, 2026 4:04 pm IST

गोरखपुर (उप्र), 18 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने यहां राज्यसभा सदस्य राधामोहन दास अग्रवाल से उनके आवास पर मुलाकात की और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की।

अग्रवाल ने सोशल मीडिया मंच “एक्स” पर शुक्रवार को एक पोस्ट में कहा “भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तर प्रदेश संगठन प्रभारी विनोद तावड़े बृहस्पतिवार रात हमारे निवास पर आए और काफी समय दिया।”

उन्होंने कहा “उत्तर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक ताकत और कमियों, टिकट के वितरण की प्रक्रिया और चुनाव तैयारियों पर चर्चा हुई।”

अग्रवाल ने बिना कोई नाम लिए एक अन्य पोस्ट में एक खबर साझा करते हुए कहा “भारतीय जनता पार्टी की महानगर इकाई जिसे विशेष आमंत्रित सदस्य बनाना भूली, उसके घर पहुंचे प्रदेश प्रभारी, एक घंटे तक राजनीतिक हालात पर चर्चा की।”

इस पोस्ट में तावड़े के साथ उनकी तस्वीर भी दिख रही है।

अग्रवाल को भाजपा की गोरखपुर महानगर इकाई के विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची में शामिल नहीं किया गया है। अग्रवाल गोरखपुर शहर से चार बार विधायक रहे हैं और इस समय राज्यसभा के सदस्य हैं। वह जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भी रह चुके हैं।

सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान तावड़े के साथ भाजपा का कोई प्रदेश, क्षेत्रीय या शहर का पदाधिकारी मौजूद नहीं था। उन्होंने इसे निजी मुलाकात बताया।

इससे पहले तावड़े ने सहजनवां के हरपुर स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय का दौरा किया और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। बाद में उन्होंने अटल आवासीय विद्यालय के छात्रों से बातचीत की और उनके साथ दीप जलाए।

शुक्रवार सुबह तावड़े ने रानीडीहा स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में संगठनात्मक बैठकें कीं। वह क्षेत्र में संगठन के कामकाज और जमीनी स्तर पर राजनीतिक हालात का जायजा लेने के लिए क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, सांसदों, विधायकों और पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर रहे हैं।

भाषा सं आनन्द मनीषा अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में