भाजपा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य का लखनऊ में जोरदार स्वागत
भाजपा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य का लखनऊ में जोरदार स्वागत
लखनऊ, 26 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य के पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचने पर बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
चारबाग रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और नारों के साथ मौर्य का स्वागत किया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, राजधानी के विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित अभिनंदन समारोह में मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन लाने के संकल्प के साथ काम करने वाला संगठन है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछड़ा वर्ग के हितों को केवल चुनावी मुद्दा नहीं बनाया, बल्कि उन्हें विकास और शासन की मुख्यधारा में सम्मानजनक भागीदारी देने का काम किया है।
मौर्य ने कहा कि पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देना, शिक्षा और रोजगार के अवसरों का विस्तार करना तथा गरीब परिवारों को आवास, शौचालय, उज्ज्वला गैस, आयुष्मान भारत, नल से जल और जनधन जैसी योजनाओं से जोड़ना सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद इन दलों ने पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए कोई ठोस और स्थायी काम नहीं किया।
भाषा
सलीम रवि कांत

Facebook


