झांसी (उप्र) 11 अप्रैल (भाषा) झांसी जिले के बबीना क्षेत्र में पिछले तीन दिन से लापता एक युवक का शव शनिवार को संदिग्ध अवस्था में कुएं से बरामद किया गया।
परिजनों ने युवक की हत्या का अंदेशा जताया है, जबकि पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला बताया है।
बबीना थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विनय साहू ने बताया कि क्षेत्र के मुरारी गांव का निवासी सुरेंद्र अहिरवार (18) आठ अप्रैल की शाम से लापता था।
उन्होंने बताया कि अगले दिन उसकी मोटरसाइकिल व मोबाइल एक कुएं के पास से बरामद किया गया, लेकिन उस समय कुएं में तलाशी के दौरान कुछ पता नहीं चल सका था।
साहू ने बताया कि शनिवार को युवक का शव कुंए से बरामद हुआ है।
एसएचओ ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन परिजन ने हत्या की आशंका जताई है।
परिजन के अनुसार लापता होने से पूर्व उसने बैंक से कुछ पैसे निकाले थे और उसके मोबाइल से देर रात तक कई दोस्तों से बातचीत करने की जानकारी मिली है।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले की सभी पहलुओ पर विस्तृत जांच की जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब