मुंबई, 16 जुलाई (भाषा) एयरलाइन ‘इंडिगो’ के एक पूर्व कर्मचारी ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में दावा किया है कि टाई नहीं पहनने पर उसके एक वरिष्ठ सहकर्मी ने उसे अपने सुपरवाइजर के पैर छूने के लिए कहा था।
हालांकि, गुरुग्राम स्थित एयरलाइन इंडिगो ने इन आरोपों से इनकार किया है।
वीडियो में पूर्व कर्मचारी ‘एयरपोर्ट ग्राउंड स्टाफ’ की वर्दी में दिखाई दे रहा है और इसमें उसके एयरलाइन का कर्मचारी होने का संकेत देने वाला उसका पहचान पत्र भी प्रदर्शित हो रहा है।
पूर्व कर्मचारी ने यह भी दावा किया कि उसने इस मामले की शिकायत एयरलाइन से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इन आरोपों के बीच, इंडिगो के एक प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को कहा कि कंपनी इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद मानती है।
प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘हम यह भी स्पष्ट करना चाहते हैं कि कर्मचारी द्वारा उठाई गई चिंताओं की कंपनी की स्थापित प्रक्रिया के तहत पूरी तरह जांच की गई थी और आरोपों की पुष्टि करने वाला कोई सबूत नहीं मिला।’’
कर्मचारी ने जून में इस्तीफा दे दिया था और 13 जुलाई उसका अंतिम कार्य दिवस था। विमान के भीतर रिकॉर्ड किए गए वीडियो में कर्मचारी ने यह भी कहा कि आज उसका आखिरी कार्यदिवस है।
भाषा शफीक संतोष
संतोष