सपा शासन में बुंदेलखंड के संसाधनों का माफिया ने जमकर दोहन किया : योगी आदित्यनाथ
सपा शासन में बुंदेलखंड के संसाधनों का माफिया ने जमकर दोहन किया : योगी आदित्यनाथ
जालौन (उप्र) 25 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पूर्ववर्ती सरकारों– खासतौर से समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार पर तीखा आरोप लगाते हुए कहा कि उसके शासन में बुंदेलखंड के संसाधनों का माफिया ने जमकर दोहन किया और तब विकास के नाम पर वसूली होती थी।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य को डकैतों और संगठित अपराध से मुक्त करने का अपना वादा पूरा किया है। उन्होंने कहा कि अब सरकार ‘नकल माफिया’ के खिलाफ भी उतनी ही सख्ती से कार्रवाई करेगी जिसमें उनकी संपत्तियां जब्त करना भी शामिल होगा।
मुख्यमंत्री ने जालौन के उरई, माधौगढ़ व कालपी विधानसभा क्षेत्रों में 1275 करोड़ रुपए की 375 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सपा शासन में बुंदेलखंड के संसाधनों का माफिया ने जमकर दोहन किया और तब विकास के नाम पर वसूली होती थी।
उन्होंने आरोप लगाया,‘‘बुंदेलखंड के विकास के लिए आने वाला पैसा सैफई में फिल्मी कार्यक्रमों पर खर्च किया जाता था। आज यही धन फोरलेन कनेक्टिविटी, युवाओं के रोजगार और किसानों के हित में खर्च हो रहा है।’’
कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि अब बेटियां सुरक्षित माहौल में स्कूल जा रहीं हैं तथा व्यापारी निर्भय होकर कारोबार और बेटियां स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
आदित्यनाथ ने कहा,‘‘हमने कहा था कि हम राज्य को डकैतों और माफिया से मुक्त कराएंगे। हमने यह भी कहा था कि हम माफिया को धूल चटा देंगे। ऐसा करते हुए हमने उनकी संपत्तियां जब्त कीं। ’’
मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि हम नकल माफिया की कमर तोड़ देंगे। हम उनकी संपत्तियां जब्त करेंगे। जो कोई भी युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेगा, उसे 10 साल से लेकर उम्रकैद तक की सज़ा दी जाएगी। 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का भी प्रावधान किया है।’’
योगी ने कहा कि जिन लोगों के काले कारनामों के कारण जालौन दस्यु प्रभावित क्षेत्र घोषित हो गया था, उन्हें भी याद करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को अभाव और सूखे के कारण पलायन के लिए मजबूर करने वाले भी वे ही लोग थे, आज वही लोग घड़ियाली आंसू बहाकर नौजवानों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जालौन और पूरा बुंदेलखंड अपनी पुरानी पहचान से बाहर निकलकर विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है तथा बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ से बड़े क्षेत्र में भारत का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र ‘बीडा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है।
भाषा आनन्द
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


