उप्र: पुलिस उपनिरीक्षक को पीटने का मामला वीडियो जांच में फर्जी निकला

उप्र: पुलिस उपनिरीक्षक को पीटने का मामला वीडियो जांच में फर्जी निकला

उप्र: पुलिस उपनिरीक्षक को पीटने का मामला वीडियो जांच में फर्जी निकला
Modified Date: September 27, 2026 / 08:24 pm IST
Published Date: September 27, 2026 8:24 pm IST

गोरखपुर, 17 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के शाहपुर इलाके में सड़क पर एक वकील द्वारा एक उपनिरीक्षक को कथित तौर पर जूते से पीटने का वायरल वीडियो पुलिस जांच में फर्जी निकला। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की जांच में सामने आया कि यह मामला मनगढ़ंत था और सोशल मीडिया पर लाइक एवं व्यूज हासिल करने के उद्देश्य से कथित तौर पर बनाया गया था।

पुलिस के मुताबिक, दो मिनट 55 सेकंड के इस वीडियो में वकील की वेशभूषा में एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहने मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को रोकता है और अपने पिता की कथित हिरासत को लेकर उससे विवाद करता दिखाई देता है।

उन्होंने बताया कि वीडियो में दिखाया गया है कि विवाद के बाद मारपीट शुरू हो जाती है और वकील की पोशाक पहने व्यक्ति वर्दीधारी व्यक्ति को जूते से मारता है।

इस दौरान कुछ लोग बीच-बचाव करते हुए भी दिखाई देते हैं।

पुलिस अधीक्षक (शहर) निमिष पाटिल ने बताया कि पुलिस ने वीडियो का सत्यापन किया और पाया कि न तो वर्दी पहने व्यक्ति पुलिसकर्मी था और न ही वकील की पोशाक पहने व्यक्ति वास्तविक अधिवक्ता था।

उन्होंने कहा, ‘‘वीडियो बनावटी पाया गया।’’

पाटिल ने बताया कि यह वीडियो पुलिस और अधिवक्ता समुदाय की छवि खराब करने के उद्देश्य से प्रसारित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पूछताछ के लिए दो युवकों को हिरासत में लिया गया है।

भाषा सं. सलीम जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में