भदोही में सड़क हादसे में कैंसर पीड़ित व्यक्ति और उसकी बहू की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल

भदोही में सड़क हादसे में कैंसर पीड़ित व्यक्ति और उसकी बहू की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल

भदोही में सड़क हादसे में कैंसर पीड़ित व्यक्ति और उसकी बहू की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल
Modified Date: July 11, 2026 / 08:22 am IST
Published Date: July 11, 2026 8:22 am IST

भदोही (उप्र), 11 जुलाई (भाषा) वाराणसी में इलाज कराकर अपने घर लौट रहे एक परिवार की कार भदोही में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई और इस हादसे में कैंसर पीड़ित एक व्यक्ति और उसकी बहू की मौत हो गई तथा कार चला रहा उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

औराई के थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार शाम थाना क्षेत्र के कटका गांव के पास हुई।

उन्होंने बताया कि प्रतापगढ़ जिले के चिलबिला क्षेत्र निवासी शिवम अग्रवाल (30) अपनी पत्नी प्रगति अग्रवाल (26) और पिता प्रभात अग्रवाल (65) के साथ वाराणसी के भाभा कैंसर अस्पताल से घर लौट रहे थे। प्रभात अग्रवाल की भाभा कैंसर अस्पताल में कीमोथेरेपी हुई थी।

सिंह के अनुसार, शिवम कार चला रहे थे और उनकी पत्नी आगे की सीट पर बैठी थीं, जबकि कैंसर से पीड़ित उनके पिता पीछे की सीट पर बैठे थे।

उन्होंने बताया कि कटका गांव के पास राजमार्ग के किनारे कई ट्रक खड़े थे और इसी दौरान तेज रफ्तार कार एक ट्रक में पीछे से टकरा गई।

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, प्रगति अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई और गंभीर रूप से घायल पिता एवं पुत्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां इलाज के दौरान प्रभात अग्रवाल ने भी दम तोड़ दिया।

उसने बताया कि शिवम अग्रवाल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें देर रात उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, उसने ट्रक और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है।

उसने बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं आनन्द

सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में