सीडीएस जनरल सुब्रमणि ने लखनऊ में सेना की मध्य कमान की अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की
सीडीएस जनरल सुब्रमणि ने लखनऊ में सेना की मध्य कमान की अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की
लखनऊ, 22 सितंबर (भाषा) प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल एन एस राजा सुब्रमणि ने मंगलवार को यहां भारतीय सेना की मध्य कमान के मुख्यालय में अभियानगत तैयारियों और रसद क्षमताओं की समीक्षा की। रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि अपने दौरे के दौरान जनरल सुब्रमणि ने मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-सी) लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अभियानगत तैयारियों, क्षमता विकास तथा बदलते सुरक्षा परिदृश्य पर विस्तृत चर्चा की।
बयान के अनुसार, सीडीएस ने निर्माणाधीन मध्य कमान अस्पताल का भी दौरा किया, जहां उन्हें परियोजना की प्रगति और प्रस्तावित स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई।
मंत्रालय ने बताया कि जनरल सुब्रमणि ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की और आपसी हित के मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान सशस्त्र बलों और राज्य सरकार के बीच निरंतर समन्वय एवं सहयोग पर बल दिया गया।
बयान में कहा गया कि इस मुलाकात ने साझा संस्थागत और विकासात्मक उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में सैन्य एवं नागरिक प्रशासन के बीच घनिष्ठ तालमेल के महत्व को रेखांकित किया।
भाषा
राजेंद्र रवि कांत

Facebook


