लखनऊ, 17 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख नेताओं ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चंद्रशेखर की राजनीति भारतीय लोकतंत्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
मुख्यमंत्री योगी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जनसंघर्षों से निकले प्रखर समाजवादी नेता, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि।’’
पोस्ट में योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘स्पष्टवादी व्यक्तित्व, सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाली आपकी राजनीति भारतीय लोकतंत्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।’’
उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘लोकप्रिय जननेता एवं प्रखर वक्ता, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन!’’
वहीं, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘लोकप्रिय जननेता तथा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर जी की जयंती पर शत शत नमन।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर एक संदेश में कहा, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर सिंह जी की जयंती पर शत्-शत् नमन।’’
चौधरी ने कहा, ‘‘उनका संघर्षपूर्ण जीवन, सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा और राष्ट्रसेवा का भाव हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।’’
पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर का जन्म 17 अप्रैल 1927 में उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के इब्राहिमपट्टी गांव में हुआ था। वह एक समाजवादी नेता थे जिन्होंने कुछ समय के लिए अल्पमत सरकार का नेतृत्व किया था।
चंद्रशेखर ने 10 नवंबर, 1990 से 21 जून, 1991 तक प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया।
भाषा आनन्द सिम्मी सुरभि
सुरभि