लखनऊ, सात जून (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी (सिपाही) नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सोमवार से शुरू होगी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह परीक्षा आठ, नौ और 10 जून को प्रदेश के सभी 75 जिलों में आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के तहत 32,679 पदों के लिए कुल 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए प्रदेशभर में 1,183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक संचालित की जाएगी। अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए निर्धारित समय के अलावा पांच मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। तीन दिनों में कुल छह पालियों में परीक्षा संपन्न होगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के महानिदेशक एस.बी. शिरडकर ने बताया कि अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए प्रत्येक पाली में लगभग 4,81,416 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।
शिरडकर ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है तथा अभ्यर्थियों की पहचान और प्रवेश प्रक्रिया के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
भर्ती बोर्ड के महानिदेशक ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षकों तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। साथ ही, परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
भाषा
आनन्द रवि कांत