लखनऊ, 10 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी और इस उपलब्धि को लोगों के विश्वास और स्नेह का प्रतिबिंब बताया।
आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘145 करोड़ भारतवासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए सतत समर्पित, अमृतकाल के सारथी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को भारत के इतिहास में सबसे लंबी अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले जननेता बनने पर हार्दिक बधाई।”
उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र का यह अभूतपूर्व कीर्तिमान संपूर्ण देश वासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ”इतिहास में ऐसे अवसर विरले ही दिखते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार का नहीं, बल्कि एक युग की चेतना का प्रतीक बन जाता है। यह सम्मान उसी तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का अभिनंदन है, जिसने करोड़ों देशवासियों को ‘विकसित भारत’ के स्वप्न से जोड़ा है।”
उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा को समर्पित आप (प्रधानमंत्री) की यह अविराम साधना भारत की प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखती रहे, यही मंगलकामना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने 10 जून को भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4,399 दिन पूरे कर लिए और वह निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिन के रिकॉर्ड से आगे निकल गए।
भाषा जफर नेत्रपाल वैभव
वैभव