हाथरस में कार की टक्कर से बच्चे की मौत : आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर जाम लगाया, थाने पर भी पथराव
हाथरस में कार की टक्कर से बच्चे की मौत : आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर जाम लगाया, थाने पर भी पथराव
हाथरस, आठ फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में रविवार को कार की कथित टक्कर में एक बच्चे की मौत के बाद तनाव फैल गया और घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मथुरा-बरेली सड़क पर यातायात को बाधित कर दिया और मुरसान पुलिस थाने पर पथराव किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पथराव के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि अपराह्न करीब तीन बजे मुरसान के मधेया मोहल्ले के निवासी यश कार की चपेट में आ गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में अलीगढ़ के एक उच्च चिकित्सा केंद्र में रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि बच्चे की मौत की खबर इलाके में पहुंचते ही स्थानीय निवासियों में आक्रोश फैल गया और विरोध प्रदर्शन करते हुए मुरसान पुलिस थाना के बाहर मथुरा-बरेली सड़क पर आवागमन बाधित कर दिया। उन्होंने बताया कि शाम को और भी भीड़ जमा हो गई और प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों ने पास की रेलवे पटरी से पत्थर उठाकर पुलिस थाना पर फेंके।
अधिकारियों ने बताया कि कई पुलिस थानों से भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी मौके पर भेजे गए और कुछ समय बाद स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद कार चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया गया। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारी कार चालक सहित गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों को उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे।
सिन्हा ने बताया कि पथराव के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अब स्थिति नियंत्रण में है।
भाषा सं. सलीम
धीरज
धीरज
धीरज

Facebook


