सहपाठी ने युवती की चाकू घोंपकर हत्या की
सहपाठी ने युवती की चाकू घोंपकर हत्या की
लखनऊ, पांच अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक युवक ने 21 वर्षीय अपनी सहपाठी के साथ विवाद के बाद कथित तौर पर चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, पारा थाना क्षेत्र के नरपत खेड़ा इलाके में युवती की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, मौके पर अमेठी निवासी स्मृति पांडेय का शव बरामद हुआ, जबकि देवांश पाठक (22) नाम का व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला, जिसे इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद पाठक को पुलिस हिरासत में ले लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक छात्रा का परिवार बुधवार को अमेठी गया था और इस दौरान पाठक उसके घर आया, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद पाठक ने कथित तौर पर चाकू से उस पर हमला कर दिया।
भाषा
राजेंद्र पारुल
पारुल

Facebook


