रोडवेज बस की टक्कर से दंपति और बेटी की मौत
रोडवेज बस की टक्कर से दंपति और बेटी की मौत
फर्रुखाबाद (उप्र), 15 अप्रैल (भाषा) जिले के मोहम्मदाबाद क्षेत्र में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आने से एक दंपति और उनकी बेटी की मृत्यु हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मैनपुरी जिले के मकियानी विनायकपुर कुर्रा जरवन निवासी 34 वर्षीय बलराम सिंह, अपनी पत्नी वन्दना (31), चार वर्षीय बेटी मोहिनी और दो साल के बेटे कार्तिक के साथ मोटरसाइकिल से हरदोई के महरेपुर स्थित अपनी ससुराल से घर लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में इटावा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मदनपुर के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर मदनपुर चौकी प्रभारी अशोक कुमार मौके पर पंहुचे और सभी घायलों को जब वह अपनी जीप से अस्पताल ले जा रहे थे तो रास्ते में जीप खराब हो गई। उन्होंने कहा कि करीब आधा घंटे बाद सभी को एक टेंपो से अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने वंदना और उनकी बेटी मोहिनी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि हादसे में गंभीर रूप से घायल बलराम को लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं और घटना में घायल बच्चे कार्तिक का लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा है।
भाषा सं सलीम नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


