शाहजहांपुर में मांगलिक कार्यक्रम में जा रहे दंपति की पिकअप की टक्कर से मौत, बेटा घायल

शाहजहांपुर में मांगलिक कार्यक्रम में जा रहे दंपति की पिकअप की टक्कर से मौत, बेटा घायल

शाहजहांपुर में मांगलिक कार्यक्रम में जा रहे दंपति की पिकअप की टक्कर से मौत, बेटा घायल
Modified Date: June 22, 2026 / 11:06 am IST
Published Date: June 22, 2026 11:06 am IST

शाहजहांपुर (उप्र), 22 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में सोमवार सुबह मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे मोटरसाइकिल सवार दंपति को सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका 10 वर्षीय बेटा घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने बताया कि थाना अल्लाहगंज कस्बे के रहने वाले संतोष शर्मा (55), उनकी पत्नी किरण (50) और बेटा शोभित (10) मोटरसाइकिल से मदनपुर क्षेत्र में रिश्तेदारी में मांगलिक कार्य में शामिल होने जा रहे थे।

अधिकारी ने बताया कि ततियारी गांव के पास सामने से आ रहे पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

एसपी के मुताबिक, सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को स्थानीय सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने संतोष शर्मा को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल किरण को फर्रुखाबाद के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

दीक्षित ने बताया कि दंपति का बेटा शोभित मामूली रूप से घायल है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन


लेखक के बारे में