मेरठ में फर्जी स्पा व टूर-ट्रैवल कंपनी के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी का भंडाफोड़, दो लोग गिरफ्तार
मेरठ में फर्जी स्पा व टूर-ट्रैवल कंपनी के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी का भंडाफोड़, दो लोग गिरफ्तार
मेरठ (उप्र), एक जुलाई (भाषा) मेरठ जिले में साइबर प्रकोष्ठ और नौचंदी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पा और टूर-ट्रैवल कंपनी के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया और एक महिला समेत दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से 4.16 लाख रुपये, आठ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, नौ डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड, 11 चेकबुक, पासपोर्ट, आधार और पैन कार्ड, विभिन्न कंपनियों के लेटरहेड, मुहरें तथा एक कार बरामद की गई है।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि आरोपियों की पहचान नौचंदी क्षेत्र के करीमनगर निवासी यूनुस और लोहियानगर निवासी लीजा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ नौचंदी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उसने कहा, ‘‘पूछताछ में यूनुस ने कबूल किया कि वह पहले अवैध स्पा सेंटर संचालित करता था। अपने खिलाफ पुलिस कार्रवाई के बाद उसने पहचान बदलने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए और किराये पर कार्यालय लेकर ठगी का नेटवर्क खड़ा कर लिया।’’
पुलिस के अनुसार, आरोपी इंटरनेट पर फर्जी स्पा और घर पर मालिश सेवा से जुड़े विज्ञापन देकर ग्राहकों से संपर्क करते थे और क्यूआर कोड के माध्यम से अग्रिम भुगतान लेकर उन्हें ठग लेते थे।
उसने बताया कि आरोपी ‘यूनिवर्सल टूर एंड ट्रैवल’ के नाम से फर्जी कंपनी संचालित कर हज और अन्य तीर्थ यात्राओं के लिए टिकट तथा होटल बुकिंग के नाम पर भी प्रति व्यक्ति एक से दो लाख रुपये तक वसूलते थे।
पुलिस ने बताया कि जांच में नोएडा निवासी महेश नामक व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी तलाश की जा रही है।
उसने बताया कि आगरा, सोनभद्र, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, हापुड़ और मेरठ समेत विभिन्न स्थानों से इस गिरोह के खिलाफ साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से सक्रिय थे और इस दौरान उन्होंने करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
भाषा सं. सलीम खारी
खारी

Facebook


