मेरठ (उप्र), 15 फरवरी (भाषा) मेरठ जिले के दौराला थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर रविवार सुबह एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि उसके पिता घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
दौराला के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि थाना दौराला पुलिस को सुबह सूचना मिली कि रुहासा कट के पास मोटरसाइकिल के डिवाइडर से टकराने से दो लोग जख्मी हो गए हैं जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान युवक की मृत्यु हो गई, जिसकी पहचान नितिन (21) के रूप में हुई है।
अग्रवाल ने बताया कि दोनों घायल दिल्ली के जहांगीरपुरी क्षेत्र के निवासी हैं और पिता-पुत्र हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय बाइक नितिन के पिता बबलू (45) चला रहे थे, जबकि नितिन पीछे बैठा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक नशे की हालत में था, जिसके कारण बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द
नोमान
नोमान