डीआरआई ने गोरखपुर में जब्त कीं विदेश में निर्मित तीन लाख सिगरेट

डीआरआई ने गोरखपुर में जब्त कीं विदेश में निर्मित तीन लाख सिगरेट

डीआरआई ने गोरखपुर में जब्त कीं विदेश में निर्मित तीन लाख सिगरेट
Modified Date: May 24, 2026 / 05:53 pm IST
Published Date: May 24, 2026 5:53 pm IST

लखनऊ, 24 मई (भाषा) राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक ट्रक की तलाशी के दौरान म्यांमा से भारत में तस्करी करके लाई गई विदेश में निर्मित तीन लाख सिगरेट स्टिक बरामद कीं।

डीआरआई ने रविवार को एक बयान में बताया कि तस्करी करके सिगरेट स्टिक लाए जाने के बारे में सूचना मिलने पर निदेशालय के अधिकारियों ने शनिवार को गोरखपुर में असम से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे एक ट्रक को रोककर उसकी गहन तलाशी ली, जिसमें 30 बड़े डिब्बों में विदेश में निर्मित एक प्रमुख ब्रांड की कुल तीन लाख सिगरेट स्टिक बरामद की गयीं, जिनकी कीमत लगभग 45 लाख रुपये है।

बयान के अनुसार ट्रक में दिखाने के लिए बांस के 9.42 मैट्रिक टन वजन के टुकड़े लदे थे लेकिन बहुत चालक के केबिन के पीछे एक जगह बनाकर उसमें सिगरेट से भरे डिब्बे छुपाए गए थे।

बयान के अनुसार बरामद सिगरेट को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 तथा सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003 के तहत जब्त किया गया है।

बयान के मुताबिक पिछले आठ महीने में डीआरआई ने उत्तर प्रदेश में अलग-अलग मामलों में दो करोड़ 32 लाख रुपए मूल्य की विदेश में निर्मित कुल 15,32,000 सिगरेट स्टिक जब्त की हैं।

भाषा सलीम जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में