मथुरा में ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर के हुए दो टुकड़े, दबकर चालक की मौत

Ads

मथुरा में ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर के हुए दो टुकड़े, दबकर चालक की मौत

  •  
  • Publish Date - June 6, 2026 / 03:34 PM IST,
    Updated On - June 6, 2026 / 03:34 PM IST

मथुरा (उप्र), छह जून (भाषा) मथुरा में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह जीएलए विश्वविद्यालय के गेट के पास दिल्ली की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया और चालक की उसके नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस ने दी।

जैंत थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सोनू सिंह ने बताया कि नौहझील के मकदूमपुर निवासी मुनेश (26) ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंटें लादकर मथुरा की ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि जीएलए विश्वविद्यालय के गेट नंबर-2 के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि इससे मुनेश ट्रैक्टर के नीचे दब गया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रैक्टर हटवाकर मुनेश को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बाधित यातायात को पुलिस ने जल्द ही सुचारू कराया।

भाषा सं आनन्द

अमित

अमित