इटावा (उप्र), 13 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में नदी में डूबने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
थाना प्रभारी विपिन मलिक ने बताया कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत पेउली गांव के निवासी 80 वर्षीय टीकाराम बृहस्पतिवार को प्रतिदिन की तरह पशुओं को चराने के लिये गांव के निकट सेंगर नदी के किनारे गए थे, देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजन खोजते हुए नदी किनारे पहुंचे।
मलिक ने बताया कि नदी किनारे पीने के पानी की बोतल रखी मिली, आसपास और खोजबीन की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर वृद्ध व्यक्ति को नदी में गोताखोरों की मदद से खोजने का प्रयास किया लेकिन रात के अंधेरे की वजह से नाकामयाब रहे।
मलिक ने बताया कि ग्रामीणों ने नदी में डूबे वृद्ध का शव शुक्रवार सुबह घटनास्थल से दूर पानी में तैरता हुआ देखा, जिसके बाद परिवार वालों को सूचित किया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के शव को नदी से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भाषा सं जफर जोहेब
जोहेब