लखनऊ, 16 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान और बढ़े हुए मानदेय के वितरण को लेकर सोमवार को प्रदेशभर में भव्य कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसकी शुरुआत लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, लोकभवन सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार शाम चार बजे कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों में किया जाएगा, जहां जिला स्तर पर भी समारोह आयोजित होंगे।
सरकार के शासनादेश के मुताबिक, अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि एक अप्रैल 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रतीकात्मक चेक वितरित किए जाएंगे।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि यह निर्णय शिक्षकों के सम्मान और उनकी आर्थिक मजबूती के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है।
अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर जिला स्तर पर भव्य आयोजन सुनिश्चित करने को कहा है। इस कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, जिलाधिकारी और अन्य अधिकारी शामिल होंगे।
जिलाधिकारियों को कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कर शिक्षकों, अनुदेशकों और आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के समापन पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जनप्रतिनिधियों के संबोधन भी होंगे।
भाषा
आनन्द रवि कांत