यह मेरा आखिरी विश्व कप: रोनाल्डो ने फिर से दोहराया

Ads

यह मेरा आखिरी विश्व कप: रोनाल्डो ने फिर से दोहराया

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 10:55 AM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 10:55 AM IST

आर्लिंगटन (अमेरिका) छह जुलाई (एपी) पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि यह उनके करियर का छठा और अंतिम फीफा विश्व कप होगा।

वह फीफा विश्व कप के दौरान आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अपनी चिर-परिचित चुटीली शैली में पत्रकारों से रूबरू हुए लेकिन इस बातचीत के अंत में उनकी अर्जेंटीना के एक पत्रकार के साथ हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।

स्पेन के खिलाफ़ प्री-क्वार्टर फ़ाइनल मुकाबले की पूर्व संध्या पर इस 41 साल के खिलाड़ी ने एक बार फिर उस बात को दोहराया, जिसका संकेत वह पहले भी दे चुके हैं।

उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘ मेरे साथ सबसे बड़ी पूंजी लोगों का प्यार और उनसे जुड़ी यादें हैं। होटल में टीम स्टाफ और लैटिन अमेरिकी लोगों के साथ बिताए पल मेरी सबसे खूबसूरत स्मृतियों में शामिल हैं। कल उड़ान के दौरान अर्जेंटीना की एक एयर होस्टेस मिली। मैंने उसके मुझे देखने के अंदाज़ से ही पहचान लिया कि वह अर्जेंटीना की है। मैंने उससे कहा, ‘तुम जिस तरह मुझे देख रही हो, उससे समझ गया कि तुम अर्जेंटीना से हो। अगर कोई मुझे देखकर तुरंत नजरें फेर ले, तो मैं समझ जाता हूं कि उसे क्रिस्टियानो पसंद नहीं है’।’’

मैनचेस्टर यूनाइटेड और रियाल मैड्रिड स्टार के इस पूर्व स्टार ने कहा, ‘‘मैं अपने आखिरी विश्व कप के हर पल का भरपूर आनंद लेना चाहता हूं। उम्मीद है कि कल मेरा अंतिम मैच नहीं होगा, ताकि आप लोग मेरी आलोचना कुछ और दिन तक करते रहें।’’

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 146 गोल के साथ सर्वाधिक गोल करने वाले रोनाल्डो इससे पहले भी ऐसा संकेत दे चुके हैं। पिछले वर्ष एक टेलीविजन साक्षात्कार में भी उन्होंने अपने अंतिम विश्व कप को लेकर इसी तरह की बात कही थी। उस समय पुर्तगाल ने स्पेन को रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में हराकर यूईएफए नेशंस लीग का खिताब जीता था।

इस 25 मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस में 41 वर्षीय रोनाल्डो से पूछे गए अधिकांश सवाल उनके संभावित विश्व कप विदाई से जुड़े रहे। उन्होंने संन्यास से जुड़े अधिक सवालों पर मजाकिया अंदाज में पत्रकारों से कहा, ‘‘लग रहा कि आप लोग अब मुझे मैदान से विदा करने की पूरी तैयारी में हैं।’’

उन्होंने इसके बाद गंभीर होते हुए कहा, ‘‘ मेरे जीवन में किसी चीज की कमी नहीं है। भगवान मेरे प्रति बेहद उदार रहे हैं। उन्होंने मुझे वह सब कुछ दिया, जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी, खासकर राष्ट्रीय टीम के साथ। व्यक्तिगत जीवन में भी मुझे सब कुछ मिला। इसलिए अब मैं हर पल का आनंद लेना चाहता हूं। विश्व कप जीतने या न जीतने से मैं न बड़ा क्रिस्टियानो बन जाऊंगा और न छोटा। निश्चित रूप से हम सभी विश्व कप जीतने का सपना देखते हैं और इसके लिए हर संभव प्रयास करना चाहते हैं। लेकिन यह भी सच है कि अंत में ट्रॉफी केवल एक ही टीम के हिस्से में आती है।’’

फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर रोनाल्डो का यह विदाई अभियान 2018 विश्व कप की यादें भी ताजा कर रहा है, जब उन्होंने 33 वर्ष की उम्र में स्पेन के खिलाफ हैट्रिक लगाकर इतिहास रचा था। वह मुकाबला 3-3 से ड्रॉ रहा था और विश्व कप के सर्वश्रेष्ठ मैचों में गिना जाता है।

स्पेन के मुख्य कोच लुइस डे ला फुएंते ने रोनाल्डो को लेकर सतर्कता बरतने की बात कही।

उन्होंने कहा, ‘‘मैदान के हर हिस्से में यह ध्यान रखना होगा कि रोनाल्डो कहां हैं। उनके पास प्रतिभा, अनुभव और गुणवत्ता है। वह किसी भी क्षण मैच का रुख बदल सकते हैं।’’

पुर्तगाल लगातार दूसरी बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेगा। रोनाल्डो युग में इससे पहले टीम केवल 2006 में सेमीफाइनल तक पहुंची थी, जो उनका पहला विश्व कप था।

अंतिम 32 चरण के मैच में क्रोएशिया पर 2-1 की जीत में रोनाल्डो ने बराबरी का गोल दागा। मौजूदा टूर्नामेंट में वह अब तक तीन गोल कर चुके हैं और विश्व कप में उनके कुल गोलों की संख्या 11 हो गई है।

रोनाल्डो ने कहा, ‘‘उम्र के साथ आने वाले बदलावों के अनुरूप मैंने अपने खेल को ढाल लिया है। मैं जानता हूं कि अब पहले जैसा खिलाड़ी नहीं हूं। जो चीज नहीं बदली वह मेरी गोल करने की क्षमता है। उम्मीद है कि कल भी गोल करूंगा। अगर मैं नहीं कर पाया, तो उम्मीद है कि टीम का कोई और खिलाड़ी करेगा।’’

रोनाल्डो अगर 2018 जैसी हैट्रिक नहीं दोहराते तो उनके लिए गोल्डन बूट की दौड़ में लियोनेल मेस्सी और किलियन एम्बाप्पे की बराबरी करना मुश्किल होगा। दोनों खिलाड़ियों के नाम सात-सात गोल दर्ज हैं, जबकि विश्व कप करियर गोलों की सूची में भी दोनों रोनाल्डो से आगे निकल चुके हैं।

रोनाल्डो ने इस तुलना को सहजता से लिया। उन्होंने कहा, ‘‘आपकी अलग-अलग राय हो सकती है, लेकिन मैं इतना भी बुरा नहीं कर रहा हूं। मैंने भी तीन गोल किए हैं। कुछ खिलाड़ियों ने ज्यादा गोल किए हैं क्योंकि वे शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन मेरा प्रदर्शन भी खराब नहीं है। अब मुझे आगे बढ़ते रहना है।’’

एपी आनन्द पंत

पंत