उप्र : नशे में ऑपरेशन करने से गर्भवती की मौत का आरोप, दो चिकित्सकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Ads

उप्र : नशे में ऑपरेशन करने से गर्भवती की मौत का आरोप, दो चिकित्सकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 12:03 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 12:03 PM IST

शाहजहांपुर (उप्र), 11 सितम्बर (भाषा) शाहजहांपुर जिले के एक निजी अस्पताल में एक चिकित्सक ने कथित रूप से नशे की हालत में गर्भवती महिला का ऑपरेशन किया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और बरेली ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

पुलिस की एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दो चिकित्सकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

शाहजहांपुर ग्रामीण क्षेत्र की अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दीक्षा भंवरे ने शुक्रवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि पुवायां थाना क्षेत्र के ककरहा गांव की निवासी जूली (22) को प्रसव पीड़ा हुई तो परिजन निजी एंबुलेंस से उसे सरकारी अस्पताल ले जा रहे थे। उनके अनुसार, जब उनकी एंबुलेंस पुवायां पहुंची तो चालक ने एक प्राइवेट अस्पताल के सामने गाड़ी रोकी और मरीज को वहीं दिखाने को कहा।

भंवरे ने दर्ज प्राथमिकी के हवाले से बताया कि अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ फिरोज ने तुरंत ही शहर के एक डॉक्टर को बुला लिया। आरोप है कि बुलाया गया डॉक्टर नशे में था फिर भी उसने जूली का ऑपरेशन किया और हालत बिगड़ने पर उसे बरेली ले जाने को कहा।

एएसपी ने बताया कि बरेली ले जाते समय महिला की रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने निजी अस्पताल के डॉक्टर फिरोज और जूली का ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरातन हत्या) के तहत बृहस्पतिवार की शाम को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं आनन्द

मनीषा

मनीषा