गोरखपुर कार्यक्रम में आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद भोजपुरी गायिका ने एंकर को दौड़ाया, प्राथमिकी दर्ज

गोरखपुर कार्यक्रम में आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद भोजपुरी गायिका ने एंकर को दौड़ाया, प्राथमिकी दर्ज

गोरखपुर कार्यक्रम में आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद भोजपुरी गायिका ने एंकर को दौड़ाया, प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: February 25, 2026 / 07:44 pm IST
Published Date: February 25, 2026 7:44 pm IST

गोरखपुर (उप्र), 25 फरवरी (भाषा) एक भोजपुरी गायिका ने गोरखपुर में रेलवे ऑफिसर्स क्लब में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान एंकर पर उसपर अश्लील टिप्पणी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है जिसके बाद एंकर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है जिसमें गायिका लाइव शो के दौरान मंच पर अपनी चप्पल उतारकर एंकर का पीछा करते हुई दिख रही है। विवाद तब शुरू हुआ जब एंकर ने दर्शकों को संबोधित करते हुए कथित तौर पर गायिका के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की।

अपनी शिकायत में, बिहार के सारण जिले की गायिका ने आरोप लगाया कि टिप्पणी सुनने के बाद वह अपना आपा खो बैठी और अपनी चप्पल लेकर एंकर की ओर दौड़ी। गायिका अपने मंचीय प्रदर्शन के लिए जानी जाती है।

एंकर की पहचान बिहार के आरा जिले के मुकेश राय के रूप में हुई है जो वीडियो में मंच से भागते हुए नजर आ रहा है।

पुलिस ने कहा कि गायिका ने मंगलवार शाम पुलिस अधीक्षक (शहर) अभिनव त्यागी से मुलाकात की और एक लिखित शिकायत सौंपी।

गायिका ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसे 21 फरवरी को गिरिजेश शुक्ला द्वारा अपनी बेटी के लिए आयोजित ‘बहुभोज’ समारोह में प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया गया था।

गायिका की शिकायत के आधार पर कैंट थाने में एंकर के खिलाफ कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अधीक्षक (शहर) अभिनव त्यागी ने कहा, ”साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं जफर राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में