लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में आग, कोई हताहत नहीं

लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में आग, कोई हताहत नहीं

लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में आग, कोई हताहत नहीं
Modified Date: June 26, 2026 / 04:52 pm IST
Published Date: June 26, 2026 4:52 pm IST

लखनऊ, 26 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में शुक्रवार तड़के आग लग गई। पुलिस ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

पुलिस के अनुसार, कृष्णा नगर थाना क्षेत्र स्थित इस केंद्र में सुबह करीब साढ़े पांच बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि आग से लकड़ी के एक आंतरिक खंभे और उसके ऊपर की छत का कुछ हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके अलावा किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

पुलिस ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और परिसर में सामान्य गतिविधियां बहाल कर दी गई हैं। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

यह घटना लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक इमारत में लगी आग के बाद हुई है, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद राज्यभर में अग्नि सुरक्षा उपायों की समीक्षा शुरू की गई है और भवन निर्माण तथा अग्नि सुरक्षा मानकों के कथित उल्लंघन की जांच की जा रही है।

भाषा

जफर रवि कांत


लेखक के बारे में