विवाह समारोह में झगड़ा निपटाने गये पुलिसकर्मियों से मारपीट, पांच लोग गिरफ्तार
विवाह समारोह में झगड़ा निपटाने गये पुलिसकर्मियों से मारपीट, पांच लोग गिरफ्तार
शाहजहांपुर (उप्र), 27 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक विवाह समारोह के बाद बैंड—बाजे वालों को धन नहीं देने को लेकर हुए विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस से बारातियों द्वारा मारपीट किये जाने के आरोप में एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से सोमवार को बताया कि मदनापुर थाना क्षेत्र के कस्बे में आई एक बारात में बैंड बजाने वाली कम्पनी के मालिक को 22 हजार रुपये तय था, जिसमें उसे एक हजार रुपये ही मिल पाए थे।
उन्होंने बताया कि आरोप है कि बारात में बैंड का काम निपटाने के बाद सोमवार की सुबह जब विपिन राठौर ने अपने पैसे मांगे तो वर पक्ष के लोगों ने उससे अभद्रता शुरू कर दी।
दीक्षित ने बताया कि बैंड स्वामी की सूचना मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर वर के परिजन को समझने का प्रयास किया तो वे पुलिस कर्मियों पर ही हमलावर हो गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
दीक्षित ने बताया कि चंगुल से छूटे पुलिसकर्मियों ने थाने पर सूचना दी जिसके बाद पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर आरोपी ऋषिपाल, बलराम, प्रीति, गोपाल तथा अमित नामक आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कई लोग दो पुलिसकर्मियों से मारपीट करते दिख रहे हैं जबकि एक महिला भी बैग से पुलिस कर्मियों पर वार कर रही है।
दीक्षित ने बताया कि मोहित कुमार नामक पुलिसकर्मी ने एक महिला समेत पांच लोगों के विरुद्ध नामजद तथा पांच अज्ञात के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में नामजद एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया है।
भाषा सं. सलीम रंजन
रंजन

Facebook


