दलित बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में पांच नाबालिग लड़कों पर मुकदमा
दलित बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में पांच नाबालिग लड़कों पर मुकदमा
शाहजहांपुर (उप्र), एक अगस्त (भाषा) शाहजहांपुर जिले में नौ वर्षीय दलित बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में पांच नाबालिग लड़कों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी विद्युष सक्सेना ने शनिवार को बताया कि तिलहर थाना क्षेत्र के एक गांव में नौ साल की एक दलित बच्ची शुक्रवार शाम स्कूल के मैदान में बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी वहां खेल रहे 10 से 14 साल तक के पांच लड़के उस बच्ची को पड़ोस के खेत में ले गए।
सक्सेना ने दर्ज मुकदमे के हवाले से बताया कि बच्ची के परिजनों का आरोप है कि पांचों नाबालिगों ने खेत में ले जाकर बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म किया है और जब खेत स्वामी ने उन्हें यह हरकत करते हुए देखा तो वे वहां से भाग गये।
उन्होंने बताया कि परिजन का कहना है कि पीड़िता ने घर पहुंचकर अपनी मां को घटना के बारे में बताया, जिसके बाद शुक्रवार देर रात पुलिस ने पांचों नाबालिग आरोपियों के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म के आरोप तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों से उनके परिजनों की निगरानी में पूछताछ शुरू कर दी है।
सक्सेना ने बताया कि पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।
भाषा सं. सलीम नेत्रपाल प्रशांत
प्रशांत

Facebook


