मथुरा में नाबालिगों से बलात्कार के दो अलग-अलग मामले में पांच व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

मथुरा में नाबालिगों से बलात्कार के दो अलग-अलग मामले में पांच व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 08:21 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 08:21 PM IST

मथुरा (उत्तर प्रदेश), पांच मई (भाषा) नाबालिग लड़कियों से बलात्कार के दो अलग-अलग मामलों में एक ऑटो रिक्शा चालक और एक 68 वर्षीय व्यक्ति सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पहले मामले में दो नाबालिग बहनों के कथित अपहरण और फिर उनसे सामूहिक बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किए गए चार युवकों को विधिक कार्यवाही के बाद जेल भेजा गया है।

पुलिस उपाधीक्षक (सदर) पीतम पाल सिंह ने बताया कि 17 और 15 वर्ष की ये लड़कियां वृंदावन क्षेत्र के एक आश्रम से लौटने के बाद 30 अप्रैल को लापता हो गईं।

पीड़िताओं के बयान के अनुसार, समीर नामक एक ऑटो रिक्शा चालक ने उन्हें मथुरा ले जाने के बहाने अपने वाहन में बिठा लिया।

पुलिस ने बताया कि वह कथित तौर पर उन्हें धौलीप्याऊ क्षेत्र के एक होटल में ले गया, जहां उसने और उसके साथियों ने उनके साथ बलात्कार किया।

लड़कियों ने बताया कि बाद में उन्हें जबरन दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बिठा दिया गया और उन्हें किसी को कुछ बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

दिल्ली में एक परिचित से मिली जानकारी के आधार पर लड़कियां दो जुलाई को मथुरा लौट आईं। इसके बाद पुलिस ने समीर और उसके साथियों शिवा, कृष्णा और रूपेश को गिरफ्तार कर लिया।

रिफाइनरी पुलिस थाना क्षेत्र में एक अन्य घटना के तहत एक बुजुर्ग व्यक्ति लक्ष्मीकांत को 10 वर्षीय बच्ची से कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। यह घटना सोमवार को हुई जब बच्ची के माता-पिता काम पर गए हुए थे।

पुलिस ने बताया कि आसपास के अन्य बच्चों ने यह घटना देखी और शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस और यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में जांच जारी है।

भाषा सं. जफर संतोष

संतोष