उप्र: मथुरा के मंदिर में दान पात्र का ताला तोडकर नकदी की चोरी

Ads

उप्र: मथुरा के मंदिर में दान पात्र का ताला तोडकर नकदी की चोरी

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 06:34 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 06:34 PM IST

मथुरा, 20 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक चोर ने यमुना किनारे राजाधिराज बाजार स्थित ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर के मुख्य द्वार पर लगे दान पात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मंदिर के विधिक सलाहकार एवं मीडिया प्रभारी एडवोकेट राकेश तिवारी ने बताया कि चोरी की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब सवा पांच बजे जब मंदिर के कर्मचारी वहां पहुंचे तो उन्होंने दान पात्र का ताला टूटा हुआ पाया, जिसके बाद महाप्रबंधक अशोक शर्मा ने शहर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी।

तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि 25 से 30 वर्ष का एक युवक मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंचा और पहले उसने चारों ओर देखकर यह सुनिश्चित किया कि कोई उसे देख तो नहीं रहा।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान दो सिपाही गश्त करते हुए वहां से गुजरे और युवक तुरंत मंदिर की सीढ़ियों पर बैठ गया लेकिन सिपाहियों ने न तो उससे पूछताछ की और न ही वहां बैठे होने का कारण पूछा।

तिवारी के अनुसार, पुलिसकर्मियों के जाने के बाद युवक ने सरिया से दान पात्र का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी निकालकर बैग में भर ली तथा आराम से टहलते हुए वहां से चला गया।

उन्होंने बताया कि यह दान पात्र मंदिर के मुख्य द्वार की सीढ़ियों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाया गया था ताकि जो श्रद्धालु किसी कारणवश मंदिर के अंदर नहीं जा पाते, वे भी अपनी श्रद्धानुसार इसमें दान कर सकें।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोर की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभी चोरी हुई रकम के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी क्योंकि मंदिर प्रबंधन को भी यह पता नहीं है कि घटना के समय दान पात्र में कितनी धनराशि मौजूद थी।

भाषा सं. सलीम जितेंद्र

जितेंद्र