मुंबई, सात अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी की नेता प्रीति शर्मा मेनन ने शुक्रवार को दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत का जेन जी के साथ संवाद ‘कृत्रिम’ और ‘खोखला’ प्रतीत होता है।
प्रीति ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में कहा कि देश में लोकतंत्र की बहाली तभी होगी, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता से बाहर होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि मोहन भागवत जी युवाओं से बात कर रहे हैं। लेकिन कहीं न कहीं यह सब बहुत कृत्रिम लगता है। उन्हें युवाओं की कोई परवाह नहीं है।’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या पार्कों में ‘लव जिहाद’ के नाम पर युवाओं को परेशान करने वाला संघ नहीं है? क्या वही युवाओं को धमकाने वाले ट्रोल्स को नहीं छोड़ता?’’
मेनन ने दावा किया कि जब अभिजीत दीपके ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) की स्थापना की थी, तब उनके माता-पिता को आरएसएस समर्थकों ने धमकियां दी थीं।
उन्होंने कहा, ‘‘जेन जी के साथ ये बातचीत खोखली लगती है। वह युवाओं तक पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं। देर आए दुरुस्त आए। देश का भविष्य बेहतर होगा, अगर वे जेन जी और जेन अल्फा की बात सुनें।’’
भागवत ने मुंबई में युवाओं से बातचीत की और उनका समर्थन करते हुए कहा कि उनकी शिकायतें वास्तविक हैं तथा युवाओं के विरोध-प्रदर्शनों से उन्हें राष्ट्र-विरोधी नहीं माना जाना चाहिए।
भाषा रंजन नरेश
नरेश
नरेश