कौशांबी में पटाखा फैक्टरी में धमाका होने से पांच लोगों की मौत
कौशांबी में पटाखा फैक्टरी में धमाका होने से पांच लोगों की मौत
कौशांबी (उप्र), 31 अगस्त (भाषा) कौशांबी जिले के पिपरी थानाक्षेत्र में एक पटाखा फैक्टरी में सोमवार दोपहर जबरदस्त धमाका हो जाने से पांच लोगों की मौत हो गई। जिलाधिकारी डॉक्टर अमित पाल ने यह जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद पांच घायलों की प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी।
अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में 18 से अधिक लोगों के घायल होने की आशंका है।
विस्फोट की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल के बगल से गुजर रही दिल्ली-हावड़ा लाइन पर रेलगाड़ियों का संचालन एक घंटे के लिए रोक दिया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कौशांबी के जिलाधिकारी डॉ अमित पाल, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत, प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) अजय मिश्रा मौके पर पहुंचे। एनडीआरफ, एसडीआरएफ, दमकल की गाड़ियां, तथा अन्य संबंधित विभागों के कर्मी राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं।
घटनास्थल के पास पहुंची अजमेर सियालदह एक्सप्रेस को मनोरी रेलवे स्टेशन पर वापस भेज दिया गया। दिल्ली से बनारस जा रही वंदे भारत ट्रेन को एक स्टेशन पीछे सैयद सरावा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया था। इसके साथ ही एक घंटे तक रेलवे यातायात भी प्रभावित रहा।
पहले बताया गया था कि करीब 15 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है। हालांकि अभी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
अधिकारियों ने बताया कि यह धमाका पिपरी थानाक्षेत्र में मनोरी पावर हाउस के पास हुआ, जिसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और वायु सेना के जवान साथ मिलकर बचाव अभियान में जुट गये।
कौशांबी के जिलाधिकारी अमित पाल ने कहा कि दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है।
पाल ने कहा, ‘‘पिपरी थाना क्षेत्र में मनोरी पावर हाउस के पास एक पटाखा फैक्टरी में धमाके की सूचना मिली । पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं।’’
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना से आस-पास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है और फैक्टरी से सटे पांच-छह घर ढह गए।
जिला प्रशासन ने बताया कि घटनास्थल से मनोरी वायु सेना स्टेशन लगभग दो किलोमीटर दूर है तथा बचाव अभियान में कौशांबी और प्रयागराज की वायु सेना, पुलिस और दमकल विभाग की टीम जुटी हैं।
भाषा सं आनन्द राजकुमार
राजकुमार

Facebook


