शाहजहांपुर में पालतू पिल्ले को पीट-पीटकर मार डाला, पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

शाहजहांपुर में पालतू पिल्ले को पीट-पीटकर मार डाला, पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

शाहजहांपुर में पालतू पिल्ले को पीट-पीटकर मार डाला, पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
Modified Date: March 10, 2026 / 12:06 pm IST
Published Date: March 10, 2026 12:06 pm IST

शाहजहांपुर (उप्र), 10 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक पालतू पिल्ले के कब्रिस्तान में घुसने पर उसे कथित रूप से पीट-पीटकर मार देने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने बताया कि थाना सदर बाजार क्षेत्र के लाल तेली बजरिया निवासी करन का पालतू पिल्ला कब्रिस्तान में चला गया था और वहां मौजूद पांच लोगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया।

पड़ोस की छत पर जाकर करन ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

द्विवेदी ने बताया कि पिल्ला बचने के लिए चारपाई के नीचे छिप गया, लेकिन आरोपी उसे वहां से खींचकर फिर पीटते रहे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी पिल्ले को बोरी में डालकर ले गए।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना सात मार्च की है, लेकिन पुलिस में शिकायत सोमवार को जीव सहयोग फाउंडेशन के एक अधिकारी ने दर्ज कराई।

पुलिस ने पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं जफर खारी

खारी


लेखक के बारे में