गोरखपुर में नगर निगम के कूड़ा उठाने वाले ट्रक में मिला चालक का शव, हत्या की आशंका
गोरखपुर में नगर निगम के कूड़ा उठाने वाले ट्रक में मिला चालक का शव, हत्या की आशंका
गोरखपुर (उप्र), 15 जुलाई (भाषा) गोरखपुर जिले के बेतियाहाता इलाके में पानी की टंकी के परिसर में खड़े नगर निगम के कूड़ा उठाने वाले वाहन के अंदर उसके चालक का शव बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मृतक की पहचान गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ के निवासी मुकेश पासवान (21) के तौर पर हुई है।
उन्होंने बताया कि वह गोरखपुर नगर निगम के ‘आउटसोर्सिंग सिस्टम’ के तहत कचरा उठाने वाले वाहन का चालक था।
अधिकारियों के मुताबिक मुकेश ने करीब दो महीने पहले दूसरे समुदाय की एक महिला से प्रेम विवाह किया था जिसका दोनों पक्षों के परिवारों ने विरोध किया था।
उन्होंने कहा कि इसके बाद दंपति गांव छोड़कर शहर में किराये के मकान में रह रहा था।
पुलिस मुकेश की पत्नी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शादी के बाद दोनों को कोई धमकी मिली थी या यह घटना किसी विवाद के बाद हुई है।
मुकेश के पिता मनोज पासवान ने दावा किया कि मुकेश की हत्या कहीं और की गई थी और बाद में उसका शव कूड़ा वाहन की सीट पर रख दिया गया।
परिजन ने गर्दन के आसपास के निशानों की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाया कि मौत को आत्महत्या दिखाने की कोशिश करने से पहले शायद उसका गला घोंटा गया था।
कैंट के थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट तथा जांच के नतीजों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं. सलीम जोहेब
जोहेब

Facebook


