घर लौटने में देर होने पर पति ने पत्नी और सास पर चाकू से हमला किया

घर लौटने में देर होने पर पति ने पत्नी और सास पर चाकू से हमला किया

घर लौटने में देर होने पर पति ने पत्नी और सास पर चाकू से हमला किया
Modified Date: July 16, 2026 / 09:50 pm IST
Published Date: July 16, 2026 9:50 pm IST

गोरखपुर, 16 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में घर लौटने में देर करने से नाराज एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और सास पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस घटना में गंभीर रूप से घायल पत्नी का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और हत्या के प्रयास व अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि चिलुआताल थाना क्षेत्र के मोहरीपुर निवासी विनोद की पत्नी पारिवारिक विवाद के कारण पिछले कुछ समय से मायके में रह रही थी। उन्होंने बताया कि बुधवार को विनोद अपनी पत्नी को वापस ले जाने के लिए रिश्तेदारों के साथ ससुराल पहुंचा था और बैठक में तय हुआ कि ललिता रविवार को अपने पति के घर लौट आएगी।

सूत्रों के अनुसार, विनोद ललिता के रविवार को लौटने के फैसले से खुश नहीं था, क्योंकि वह चाहता था कि उसकी पत्नी जल्दी घर आए।

उन्होंने बताया कि बुधवार रात करीब आठ बजे विनोद ने सड़क किनारे एक दुकानदार से कथित तौर पर चाकू खरीदा और ससुराल लौटकर छत पर बैठी ललिता पर आपसी विवाद के बाद चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई।

सूत्रों ने बताया कि बीच-बचाव की कोशिश करने पर विनोद ने अपनी सास देवी पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गई।

सूत्रों के मुताबिक, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल महिलाओं को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल पहुंचाया।

उन्होंने बताया कि इस मामले में विनोद के खिलाफ हत्या के प्रयास तथा कई अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।

भाषा

सं. सलीम पारुल

पारुल


लेखक के बारे में