बुलंदशहर में पुलिस ने दो मामलों में कठोर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की

बुलंदशहर में पुलिस ने दो मामलों में कठोर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की

बुलंदशहर में पुलिस ने दो मामलों में कठोर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की
Modified Date: May 24, 2026 / 09:15 pm IST
Published Date: May 24, 2026 9:15 pm IST

बुलंदशहर (उप्र), 24 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दो मामलों में पुलिस ने कठोर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई की है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पहला मामला अनूपशहर थाना क्षेत्र का है, जहां कुछ दिन पहले यूरिया की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन ट्रकों को पकड़ा गया था।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

आरोपियों में से एक मोहम्मद हारून जमानत हासिल करने की कोशिश कर रहा था। इसे रोकने के लिए शनिवार को उसके खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

दूसरा मामला ककोड़ थाना क्षेत्र का है, जहां 24 अप्रैल को दो गुटों के बीच कथित गोलीबारी और पथराव की घटना हुई थी।

इस मामले में कुल 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले एक आरोपी असलम के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की जा चुकी थी। रविवार को पुलिस ने एक अन्य आरोपी हसीन के खिलाफ भी रासुका लगाया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतरिक्ष जैन ने कहा कि बाकी आरोपियों के खिलाफ भी जल्द ही गैंगस्टर अधिनियम और रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं सलीम जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में